बरेली। विकास खंड भोजीपुरा में नवागत खंड विकास अधिकारी विजय कांत मिश्रा के कार्यभार ग्रहण करने पर अधिकारियों, कर्मचारियों एवं कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने फूल-मालाएं पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर तथा मिठाई खिलाकर उनका भव्य स्वागत किया। स्वागत समारोह के दौरान बीडीओ विजय कांत मिश्रा ने एडीओ (पंचायत) संजय दीक्षित, सभी सहायक विकास अधिकारियों, ग्राम पंचायत सचिवों, कार्यालय कर्मचारियों तथा ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष सर्वेश कुमार मौर्य सहित समस्त कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सेक्टर मजिस्ट्रेट के रूप में नियुक्त बीडीओ विजय कांत मिश्रा ने 12 जुलाई को आयोजित होने वाले प्रदेशव्यापी वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आह्वान पर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत प्रत्येक राजस्व ग्राम, सरकारी विद्यालय, पंचायत भवन, सरकारी कार्यालय एवं सार्वजनिक स्थलों पर पौधरोपण किया जाए तथा सभी पौधों का जियोटैग भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने वर्तमान में संचालित संचारी रोग नियंत्रण अभियान को भी गंभीरता से लागू करने के निर्देश दिए। बीडीओ ने सफाई कर्मचारियों से अपने-अपने गांवों में नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण सफाई कार्य कर अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। इस मौके पर एडीओ (पंचायत) संजय दीक्षित, एडीओ (आईएसबी) अनुज कुमार राणा, ग्राम पंचायत अधिकारी छत्रपाल गंगवार, ग्राम विकास अधिकारी अतुल सक्सेना, वरिष्ठ सहायक जाहिद खान, ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष सर्वेश कुमार मौर्य, धर्मपाल सागर (डी.पी. सिंह), महेश पटेल, मनोज कुमार बाल्मीकि सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।