बरेली। श्री महावीर निर्वाण समिति की ओर से जैन मंदिर, रामपुर गार्डन स्थित कार्यालय में रविवार को आयोजित होने वाले तृतीय “भगवान पार्श्वनाथ निशुल्क चिकित्सा महाशिविर” की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में चिकित्सा शिविर की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया।समिति के राष्ट्रीय संगठन मंत्री सौरभ जैन ने बताया कि महाशिविर रविवार 12 जुलाई को जैन मंदिर, रामपुर गार्डन में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि आगामी शिविरों के माध्यम से स्कूलों के विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों, मीडिया कर्मियों और मलिन बस्तियों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का अभियान चलाया जाएगा, जिससे आमजन को निशुल्क चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सके।महाशिविर के संयोजक अधिवक्ता सत्येंद्र कुमार जैन ने बताया कि इस बार दो के स्थान पर गुरुग्राम के एक प्रतिष्ठित चिकित्सालय से तीन विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे। शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा तथा लोगों से नशा छोड़ने का संकल्प पत्र भरवाया जाएगा। व्यवसायी मनीष जैन ने कहा कि वर्षा ऋतु पौधारोपण के लिए सबसे उपयुक्त समय है। इसी उद्देश्य से शिविर में विशिष्ट अतिथियों को पौधों के गमले भेंट किए जाएंगे, ताकि पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जा सके। समिति ने स्थानीय नागरिकों, वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराने की अपील की। बैठक में अतुल जैन, सुनील जैन, धनंजय जैन, सतीश जैन, देवेंद्र जैन, सुबोध जैन, ए.पी. जैन, डॉ. अनिल कुमार जैन और डॉ. पी.के. जैन सहित अन्य सदस्यों ने अपने विचार रखे।