दलित बस्ती का रास्ता अब भी बंद, पैमाइश के बाद भी नहीं खुला मार्ग, आश्वासन पर कराया शिकायत का निस्तारण
मुजरिया। थाना क्षेत्र के ग्राम चतुरी नगला स्थित वाल्मीकि बस्ती के रास्ते का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है।अपर जिलाधिकारी को लिखित शिकायत दिए जाने के बाद बुधवार को तहसील प्रशासन, राजस्व टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। रास्ते की पैमाइश भी कराई गई, लेकिन बस्ती के लोगों का आरोप है कि मौके पर बंद रास्ता नहीं खुलवाया गया और केवल पैमाइश आश्वासन देकर शिकायत का निस्तारण कर दिया गया।वाल्मीकि समाज के लोगों का कहना है कि गांव के उमेश पुत्र करण सिंह, पंकज और भानू ने करीब एक माह पहले ट्रैक्टर से लगभग 50 वर्ष पुराने सार्वजनिक रास्ते को जोतकर बंद कर दिया था। इसके बाद से बस्ती के लोगों का आवागमन बाधित है और महिलाओं, बुजुर्गों व स्कूली बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि जिलाधिकारी को शिकायत देने के बाद जब तहसील प्रशासन, लेखपाल और पुलिस मौके पर पहुंचे, तो आरोपित पक्ष ने प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में ही बस्ती के लोगों को रास्ते से न निकलने और बीच रास्ते में दीवार खड़ी करने की चेतावनी दी।वाल्मीकि समाज के लोगों का यह भी कहना है कि ग्राम प्रधान पति और तहसील प्रशासन के आश्वासन पर उनसे शिकायत के निस्तारण पत्र पर हस्ताक्षर करा लिए गए, जबकि मौके पर न तो रास्ता खुलवाया गया और न ही कोई स्थायी समाधान किया गया। इसको लेकर बस्ती के लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि जब रास्ता बंद ही है तो शिकायत का निस्तारण किस आधार पर कर दिया गया।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रास्ता जोतने वाले उमेश, पंकज और भानू दबंग प्रवृत्ति के हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि उमेश पर पहले भी गांव निवासी ओमकार पुत्र मथुरा प्रसाद के घर के सामने बने सरकारी खड़ंजे को उखाड़कर उसकी ईंटें ले जाने का आरोप लग चुका है।वाल्मीकि समाज ने प्रशासन से मांग की है कि सार्वजनिक रास्ता तत्काल खुलवाया जाए, शिकायत का निष्पक्ष निस्तारण किया जाए तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।राजस्व निरीक्षक मंजुल कुमार कि गठित संयुक्त राजस्व टीम ने बताया चकमार्ग को पैमाइश कर निशान देही कराकर गांव से चकमार्ग तक दो खेतो मे पहले से खुला रास्ता को मिलाकर पैमाइश करके ग्राम प्रधानपति को मिट्टी कार्य पूर्ण कराने को क़ह दिया है यदि कोई अन्य समस्या आती है तो विधिवत आरोपी के विरुद्ध कार्यवाही होंगी।















































































