बरेली। थाना कोतवाली पुलिस ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से ₹6.50 लाख की ठगी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की तलाश में था।पुलिस के अनुसार, मिशन कंपाउंड, सिविल लाइन निवासी डार्विन डेविस ने 12 जनवरी 2026 को थाना कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि एडविन हरमन और उसके साथी ने उन्हें तथा उनके भाई को नौकरी दिलाने का झांसा देकर फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और ₹6.50 लाख की ठगी कर ली। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। इस संबंध में थाना कोतवाली में मुकदमा बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस ने गुरुवार को एडविन हरमन (62), निवासी सरपेनटायन मार्ग, कैंट (हाल पता चौबे वाली गली, सिविल लाइन) को बरेली जंक्शन के पास पानी की टंकी के निकट से गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह लोगों को नौकरी दिलाने का झूठा भरोसा देकर उनसे पैसे ऐंठता था और ठगी से प्राप्त रकम अपने व्यक्तिगत शौक और खर्चों पर खर्च करता था। गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह, उपनिरीक्षक वैभव गुप्ता और हेड कांस्टेबल उग्रवीर शामिल रहे।