बदायूं। बिल्सी तहसील क्षेत्र के गांव फकीराबाद में बदहाल सड़क और जलभराव ने ग्रामीणों का जीवन मुश्किल कर दिया है। वजीरगंज से बिल्सी को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भर जाने से लोगों का घरों से निकलना तक कठिन हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। बरसात के दौरान सड़क पर बने गहरे गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे आए दिन ई-रिक्शा और अन्य छोटे वाहन उनमें फंस जाते हैं। अधिक वजन होने पर वाहन पलटने का खतरा भी बना रहता है। स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी लंबे समय तक जमा रहता है, जिससे सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को उठानी पड़ रही है। प्रतिदिन स्कूल जाने वाले छोटे-छोटे बच्चों को इसी रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है, जहां फिसलने और दुर्घटना होने का खतरा हर समय बना रहता है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि सबसे हैरानी की बात यह है कि फकीराबाद गांव उसी ग्राम पंचायत का हिस्सा है, जहां की प्रतिनिधि वर्तमान में अंबियापुर ब्लॉक की ब्लॉक प्रमुख हैं। इसके बावजूद गांव की मुख्य सड़क की ऐसी दुर्दशा लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार समस्या से अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को राहत मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण सामूहिक रूप से आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।