उर्स-ए-आला हजरत और कांवड़ यात्रा की तैयारियों पर प्रशासन की समन्वय बैठक
बरेली। आगामी उर्स-ए-आला हजरत और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अविनाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य की अध्यक्षता में समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों और दरगाह आला हजरत के प्रतिनिधियों ने तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की।बैठक में आयोजकों ने इस्लामिया ग्राउंड और जायरिनों के ठहरने वाले विद्यालयों में साफ-सफाई, मैदानों के गड्ढे भरवाने, पेयजल, हैंडपंप, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इसके अलावा कुतुबखाना मस्जिद के ऊपर बने पुल से होने वाले जल रिसाव को ठीक कराने, उर्स के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति, जिला अस्पताल की ओर से स्वास्थ्य शिविर एवं एंबुलेंस की व्यवस्था तथा रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त टिकट खिड़कियां और ट्रेनों की समय सारिणी प्रदर्शित कराने की मांग रखी गई।
आयोजकों ने मथुरापुर क्षेत्र में साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई, नालों की सफाई, जलभराव की समस्या के समाधान, लटकते बिजली के तारों को दुरुस्त कराने, बिजली के पोलों पर सुरक्षा के लिए पन्नी लपेटने तथा दरगाह आने-जाने वाले मार्गों पर सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया।जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दरगाह की ओर से नियुक्त सभी स्वयंसेवकों को पहचान पत्र जारी किए जाएं, पूर्व निर्धारित स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की जाए, सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं पर नजर रखी जाए, कचरा निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित हो तथा अग्निशमन व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ रखी जाए।बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक देश दीपक, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारिक, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा, पुलिस अधीक्षक यातायात मोहम्मद अकमल खान सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा दरगाह आला हजरत के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।















































































