बरेली। बहेड़ी थाना क्षेत्र के मलकपुर गांव में आवारा कुत्ते के हमले में एक मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बच्ची का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।परिजनों के अनुसार, धर्मेंद्र कुमार की करीब डेढ़ वर्षीय पुत्री उपासना गंगवार घर से पास स्थित दूसरे मकान की ओर जा रही थी। इसी दौरान एक आवारा कुत्ते ने उस पर अचानक हमला कर दिया। कुत्ते के हमले से मासूम गंभीर रूप से घायल हो गई और उसके शरीर पर कई जगह गहरे घाव हो गए।परिजन तत्काल बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहेड़ी लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल, बरेली रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में बच्ची का इलाज जारी है। घटना के बाद गांव में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक को लेकर लोगों में दहशत और नाराजगी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़ने और इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।