बरेली। थाना आंवला पुलिस ने सोशल मीडिया पर मनौना धाम मंदिर के महंत के संबंध में कथित रूप से अभद्र, अशोभनीय और धमकीपूर्ण वीडियो वायरल करने के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर बरेली लाकर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार 10 जून को मनौना गांव निवासी मोहित पाठक की तहरीर पर थाना आंवला में रोहित यादव उर्फ पप्पू निवासी भुर्जी टोला, आंवला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि उसने मनौना धाम मंदिर के महंत ओमेन्द्र महाराज के संबंध में आपत्तिजनक और धमकीपूर्ण वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 308(5) भी बढ़ाई गई। आरोपी थाना आंवला का हिस्ट्रीशीटर (एचएस नंबर 16बी) भी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 3 जुलाई को थाना आंवला से पुलिस टीम महाराष्ट्र रवाना हुई। सर्विलांस सेल से मिली सूचना के आधार पर 6 जुलाई को महाराष्ट्र के एक मशरूम एग्रो फैक्ट्री परिसर से रोहित यादव को गिरफ्तार किया गया। मेडिकल परीक्षण के बाद उसे पुणे के न्यायालय में पेश किया गया, जहां से 10 जुलाई तक का ट्रांजिट रिमांड स्वीकृत हुआ। इसके बाद पुलिस टीम आरोपी को सकुशल थाना आंवला लेकर पहुंची। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी समेत विभिन्न धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मपाल सिंह, उपनिरीक्षक सोमपाल सिंह और आरक्षी जयंत चौधरी शामिल रहे।