बरेली। पैनी नजर सामाजिक संस्था की अध्यक्ष सुनीता गंगवार के नेतृत्व में ओसवाल गन्ना किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने नवाबगंज प्रशासन से मुलाकात कर किसानों के वर्षों से लंबित गन्ना भुगतान का मुद्दा उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को एक लिखित ज्ञापन सौंपते हुए भुगतान प्रक्रिया की वर्तमान स्थिति से किसानों और संस्था को अवगत कराने की मांग की। सुनीता गंगवार ने कहा कि ओसवाल गन्ना किसान पिछले तीन वर्षों से अपने बकाया भुगतान के लिए भटक रहे हैं, जो उनके साथ गंभीर अन्याय है। उन्होंने प्रशासन से भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाकर जल्द से जल्द किसानों का बकाया दिलाने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी भी स्तर पर भुगतान प्रक्रिया को रोकने या अनावश्यक रूप से लंबित करने का प्रयास किया गया तो किसान और संस्था अनिश्चितकालीन आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि तहसील परिसर में होने वाला यह धरना अंतिम होगा और किसान बिना भुगतान लिए वहां से नहीं हटेंगे।संस्था अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के कुछ जनप्रतिनिधि नीलामी प्रक्रिया रुकवाकर किसानों के भुगतान को जानबूझकर टालने की कोशिश कर रहे हैं ताकि इस मुद्दे पर राजनीति जारी रह सके। उन्होंने कहा कि किसानों की गंभीर समस्या पर राजनीति करना उनके साथ घोर अन्याय है।इसके अलावा सुनीता गंगवार ने तहसील कर्मचारियों पर भ्रष्टाचार और आम जनता के कार्यों में अनावश्यक देरी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे कार्यों के लिए लोगों को महीनों और वर्षों तक चक्कर लगाने पड़ते हैं तथा अवैध वसूली के लिए परेशान किया जाता है। उन्होंने नवाबगंज प्रशासन से ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर आम जनता को राहत दिलाने की मांग की।