बरेली। आगामी धार्मिक आयोजनों एवं उर्स के मद्देनज़र जनपद में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से मंगलवार को जीआईसी ऑडिटोरियम में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने की। बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए जत्थेदारों और उर्स कमेटी के सदस्यों ने भी बैठक में भाग लिया। बैठक के दौरान आगामी धार्मिक आयोजनों और उर्स को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए कानून-व्यवस्था, आपसी सौहार्द, यातायात प्रबंधन तथा पुलिस-प्रशासन और आयोजकों के बीच बेहतर समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने सभी से जनपद में शांति, सद्भाव और भाईचारे का माहौल बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। साथ ही कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें और यदि कोई संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था से जुड़ी जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। उपस्थित सभी जत्थेदारों एवं उर्स कमेटी के सदस्यों ने आगामी आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।