दातागंज। तहसील सभागार दातागंज में आयोजित मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहसील स्तरीय कार्यक्रम में विधायक राजीव कुमार सिंह “बब्बू भैया” मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लाइव संबोधन को सुना तथा लाभार्थी शिक्षकों एवं शिक्षामित्रों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए। साथ ही छात्र-छात्राओं के लिए डीबीटी धनराशि भी वितरित की गई।उन्होंने बताया कि योजना के तहत शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, अनुदानित विद्यालयों के शिक्षक, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, पीएम पोषण योजना के रसोइया एवं उनके आश्रितों सहित माध्यमिक एवं व्यावसायिक शिक्षा के शिक्षकों और उनके परिवारों को कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी।इसके अतिरिक्त ग्राम पलिया गूजर निवासी दिवंगत सतेंद्र की माता प्रीति देवी को दैवीय आपदा राहत मद के अंतर्गत ₹4 लाख तथा ग्राम खानपुर दया निवासी दिवंगत सुनील की पत्नी कुसुम देवी को मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत ₹5 लाख की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया गया।कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी दातागंज विनोद कुमार सिंह, नायब तहसीलदार दातागंज, खंड शिक्षा अधिकारी दातागंज लक्ष्मी नारायण सहित अन्य अधिकारी, शिक्षकगण, शिक्षामित्र, अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।