बदायूँ में बढ़ती महंगाई के खिलाफ व्यापारियों का हल्ला बोल, राष्ट्रपति के नाम भेजा ज्ञापन
बदायूँ। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रांतीय आह्वान पर मंगलवार को बढ़ती महंगाई के विरोध में जिले के व्यापारियों ने एकजुट होकर केंद्र एवं राज्य सरकार का ध्यान आम जनता और व्यापार जगत की समस्याओं की ओर आकर्षित किया। संगठन के पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष नवनीत गुप्ता ‘शोंटू’ एवं जिला महामंत्री हाजी राशिद सैफी के नेतृत्व में भारत की राष्ट्रपति के नाम संबोधित मांगपत्र जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में दातागंज के उपजिलाधिकारी प्रेमपाल सिंह को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से पेट्रोल-डीजल, घरेलू एवं वाणिज्यिक गैस, बिजली दरों तथा विद्युत बिलों पर लगाए गए 10 प्रतिशत ईंधन अधिभार को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए तत्काल राहत प्रदान किए जाने की मांग की गई।ज्ञापन सौंपने के बाद जिलाध्यक्ष नवनीत गुप्ता शोंटू ने कहा कि प्रदेश भर में संगठन के माध्यम से सभी जिलों में राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजे जा रहे हैं, ताकि बढ़ती महंगाई के कारण व्यापारियों, लघु एवं कुटीर उद्योगों तथा आम उपभोक्ताओं को हो रही परेशानियों से केंद्र सरकार को अवगत कराया जा सके। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के कारण परिवहन लागत में लगातार वृद्धि हुई है, जिसका सीधा असर रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं के दामों पर पड़ा है। फलस्वरूप व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं और आम परिवारों का मासिक बजट पूरी तरह असंतुलित होता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि छोटे व्यापारियों और कुटीर उद्योगों के सामने अस्तित्व का संकट खड़ा हो गया है। उत्पादन लागत बढ़ने से प्रतिस्पर्धा करना कठिन हो रहा है, जबकि आम जनता महंगाई की दोहरी मार झेल रही है। उन्होंने मांग की कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तत्काल कमी की जाए तथा घरेलू एलपीजी गैस पर पूर्व की भांति पर्याप्त सब्सिडी बहाल कर आम नागरिकों को राहत दी जाए।
जिला महामंत्री हाजी राशिद सैफी ने कहा कि वाणिज्यिक एलपीजी गैस सिलेंडरों की लगातार बढ़ती कीमतों ने होटल व्यवसायियों, ढाबा संचालकों, मिठाई विक्रेताओं, रेस्टोरेंट संचालकों तथा छोटे व्यापारियों की आर्थिक स्थिति को प्रभावित किया है। यदि कमर्शियल गैस सिलेंडरों के दाम कम नहीं किए गए तो अनेक छोटे कारोबारियों के लिए व्यापार चलाना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने सरकार से इस दिशा में तत्काल राहत देने की मांग की।जिला उपाध्यक्ष रूपेंद्र सिंह लाम्बा ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में बिजली बिलों पर लगाए गए 10 प्रतिशत ईंधन अधिभार ने उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है। उन्होंने कहा कि बिना पूर्व सूचना के उपभोक्ताओं का विद्युत लोड बढ़ा दिया जाना भी उचित नहीं है और यह उपभोक्ताओं के हितों के विपरीत प्रतीत होता है। उन्होंने मांग की कि ईंधन अधिभार को तत्काल समाप्त किया जाए तथा उपभोक्ताओं के साथ पारदर्शिता बरती जाए।
जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेश शंखधार ने कहा कि परिवहन लागत बढ़ने के कारण सब्जियों, राशन तथा अन्य आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। यदि सरकार परिवहन व्यवस्था को सस्ता बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाती है तो आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर भी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है, जिससे आम जनता को सीधी राहत मिलेगी।
नगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने कहा कि महंगाई का सबसे अधिक दुष्प्रभाव मध्यम वर्ग, निम्न आय वर्ग, छोटे व्यापारियों, लघु उद्योगों और आम उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सरकार ने ठोस एवं प्रभावी कदम नहीं उठाए तो व्यापार, रोजगार और जनजीवन पर इसके गंभीर परिणाम देखने को मिल सकते हैं।
नगर महामंत्री संजय रस्तोगी ने कहा कि यह केवल व्यापारियों का नहीं बल्कि जनहित का अत्यंत गंभीर विषय है। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार से अनुरोध किया कि बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण के लिए शीघ्र प्रभावी निर्णय लिए जाएं, ताकि व्यापार जगत को राहत मिले और आम नागरिकों की आर्थिक परेशानियां कम हो सकें।व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने राष्ट्रपति के नाम भेजे गए मांगपत्र में प्रमुख रूप से पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी, घरेलू एलपीजी पर सब्सिडी बहाल करने, वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों के दाम घटाने, बिजली बिलों पर लगाए गए 10 प्रतिशत ईंधन अधिभार को समाप्त करने तथा बढ़ती परिवहन लागत को नियंत्रित करने के लिए ठोस नीति लागू करने की मांग की है।ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश युवा अध्यक्ष नवनीत गुप्ता शोंटू, जिला महामंत्री हाजी राशिद सैफी, नगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, जिला महामंत्री संजीव आहूजा, जिला उपाध्यक्ष रूपेंद्र सिंह लाम्बा, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेश शंखधार, जिला संगठन मंत्री सर्वत हमीद खान, जिला उपाध्यक्ष जावेद खान, नगर महामंत्री संजय रस्तोगी, नगर चेयरमैन दिनेश गुप्ता, उद्योग मंच के जिलाध्यक्ष सर्वेश गुप्ता सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।















































































