बरेली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिन के उपलक्ष्य में पीडीए परिवार द्वारा चलाई जा रही अनूठी पहल ‘हरियाली उत्सव’ का समापन हो गया। 1 जुलाई से 7 जुलाई तक चले इस विशेष उत्सव के आखिरी दिन नॉवल्टी चौराहा स्थित मूक बधिर विद्यालय परिसर में फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए। इस अवसर पर सपा अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष इंजीनियर अनीस अहमद खाँ ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के विजन की सराहना करते हुए कहा कि अखिलेश यादव हमेशा से विकासपरक सोच और धरती को हरा-भरा देखने के पक्षधर रहे हैं। उन्होंने अपने मुख्यमंत्री काल में पर्यावरण संरक्षण और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए जो ऐतिहासिक कार्य किए थे, उनका लाभ उत्तर प्रदेश की जनता को आज भी मिल रहा है। ‘हरियाली उत्सव’ उनके इसी विजन को आगे बढ़ाने का एक छोटा सा प्रयास है। सपा प्रवक्ता मोहम्मद साजिद ने कहा कि पीडीए परिवार पूरी निष्ठा के साथ प्रदेश में हरियाली और खुशहाली लाने के लिए जमीनी स्तर पर निरंतर काम करने का संकल्प लेता है। पर्यावरण को बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पौधरोपण के इस विशेष कार्यक्रम में कदीर अहमद, मुशर्रफ अंसारी, पार्षद सादिक अंसारी, पार्षद सय्यद रेहान अली, पार्षद जहीरुद्दीन मुन्ना, पूर्व पार्षद अंजुम शमीम, पूर्व पार्षद इम्तेयाज अब्बू साहब, पूर्व पार्षद नौशाद कैया, अंजुम नदीम, समरान खान, लाल यार खान, राजा, जितेंद्र मुंडे, पूर्व पार्षद यामीन खान, सलीम खान, मुनीर खान समेत तमाम कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मुख्य रूप से शामिल रहे।