संजय नगर से बाबा श्री अमरनाथ बर्फानी यात्रा का जत्था रवाना
बरेली। आस्था और श्रद्धा का पावन पर्व शुरू हो चुका है। इसी क्रम में मंगलवार को संजय नगर क्षेत्र से बाबा श्री अमरनाथ बर्फानी जी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं का जत्था हर्षोल्लास के साथ रवाना किया गया।भाजपा मंडल अध्यक्ष राजीव कश्यप के नेतृत्व में निकले इस धार्मिक जत्थे को वैदिक मंत्रोच्चार और पटका पहनाकर विधिवत विदाई दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सम्मान के साथ रवाना करना और बाबा बर्फानी से सभी की कुशल एवं निर्विघ्न यात्रा की प्रार्थना करना रहा।
इस अवसर पर क्षेत्र के कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने पहुंचकर श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन किया। जत्थे को वरिष्ठ भाजपा नेता एडवोकेट अनिल कुमार सक्सेना एवं प्रदीप सक्सेना ,भाजपा महानगर मीडिया प्रभारी बंटी ठाकुर और पार्षद बबलू पटेल ने पटका पहनाकर रवाना किया सभी नेताओं ने बाबा बर्फानी से सभी यात्रियों की सुरक्षित यात्रा की मंगल कामना की।
भाजपा महानगर मीडिया प्रभारी बंटी ठाकुर ने कहा कि अमरनाथ यात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि और सनातन संस्कृति से जुड़ाव का प्रतीक है। कठिन पहाड़ी मार्गों पर बाबा के प्रति अटूट श्रद्धा ही श्रद्धालुओं की शक्ति बनती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सदैव सनातन धर्म और धार्मिक यात्राओं के सम्मान के लिए तत्पर रहती है
मंडल अध्यक्ष राजीव कश्यप के नेतृत्व में संजय नगर क्षेत्र से कुल 10 श्रद्धालुओं का जत्था बाबा के दर्शन के लिए रवाना हुआ। इस पावन जत्थे में संजय कश्यप, ओम प्रकाश, रामौतर कश्यप, अमित उप्पाध्याय, राजीव कुमार, सुनील कुमार, मयंक पाण्डे, रविंद्र शर्मा, मंगल सिंह और नरोतम शर्मा शामिल रहे।
यात्रा पर जाने से पूर्व सभी श्रद्धालुओं का तिलक लगाकर, पटका पहनाकर और पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों की धुन और “बम-बम भोले” के जयकारों से पूरा माहौल शिवमय हो गया। क्षेत्रवासियों ने भी श्रद्धालुओं पर पुष्प बरसाकर उन्हें विदाई दी।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र की धार्मिक एकजुटता देखने को मिली। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और भाजपा कार्यकर्ता इस अवसर पर मौजूद रहे।कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक साथ “हर हर महादेव” का उद्घोष कर यात्रा की सफलता के लिए प्रार्थना की।















































































