बरेली। थाना भुता क्षेत्र के ग्राम गुलड़िया हजारीलाल में कृषि भूमि के स्वामित्व और कब्जेदारी को लेकर हुए विवाद में मारपीट और फायरिंग के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।पुलिस के अनुसार 4 जुलाई 2026 को ग्राम गुलड़िया हजारीलाल में कृषि भूमि के विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि विवाद के दौरान दोनों पक्षों ने लाठी-डंडों, धारदार हथियारों और अवैध असलहों का प्रयोग करते हुए मारपीट की, फायरिंग की तथा एक-दूसरे को जान से मारने की धमकी दी। दोनों पक्षों की तहरीर पर थाना भुता में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए।घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। मुखबिर की सूचना पर 5 और 6 जुलाई को दबिश देकर रतनलाल (52 वर्ष) और मनोज कुमार (35 वर्ष), निवासी ग्राम गुलड़िया हजारीलाल, को उनके घर से गिरफ्तार किया गया। वहीं दूसरे मुकदमे में वांछित सुरेश (45 वर्ष), निवासी ग्राम ककरी थाना भमोरा, को ग्राम गुलड़िया हजारीलाल स्थित अपने रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार किया गया।पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि कृषि भूमि के स्वामित्व और कब्जेदारी को लेकर विवाद हुआ था, जो कहासुनी के बाद मारपीट में बदल गया। इस दौरान दोनों पक्षों के लोग घायल हुए। थाना भुता पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र कुमार, निरीक्षक अपराध योगेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल संजीव कुमार तथा कांस्टेबल निर्भय कुमार की प्रमुख भूमिका रही।