बरेली। बेंगलुरु में आयोजित डेफ एथलेटिक चैंपियनशिप में बरेली की प्रतिभाशाली एथलीट रिदम शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्पर्धाओं में रिकॉर्ड कायम कर एशियाई खेलों के लिए क्वालीफाई कर लिया है। रिदम शर्मा ने 400 मीटर हर्डल्स में 1 मिनट 5 सेकंड तथा 400 मीटर फ्लैट दौड़ में 59 सेकंड का समय निकालकर नया कीर्तिमान स्थापित किया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन अक्टूबर में मलेशिया में आयोजित होने वाले डेफ एशियन गेम्स के लिए हो गया है। रिदम पिछले छह वर्षों से कोच अजय कश्यप के मार्गदर्शन में नियमित प्रशिक्षण ले रही हैं। उनकी इस उपलब्धि को बरेली के खेल जगत के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है। बताया गया कि बेंगलुरु में आयोजित डेफ एथलेटिक चैंपियनशिप के प्रदर्शन के आधार पर ही खिलाड़ियों का चयन विश्व डेफ एथलेटिक चैंपियनशिप के लिए भी किया जाएगा। रिदम शर्मा की इस शानदार उपलब्धि पर वरिष्ठ खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए डेफ एशियन गेम्स और आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी हैं।