बरेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के निर्देशन में जनपद में प्रत्येक शनिवार चलाए जा रहे ध्वनि विस्तारक यंत्र (लाउडस्पीकर) चेकिंग अभियान के तहत शनिवार सुबह व्यापक कार्रवाई की गई। अभियान का उद्देश्य ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण तथा शासन द्वारा निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराना रहा। पुलिस ने 4 जुलाई को सुबह 5 बजे से 7 बजे तक जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान कुल 445 स्थानों पर लाउडस्पीकरों की जांच की गई। जांच में निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर 88 लाउडस्पीकरों की आवाज निर्धारित सीमा के अनुरूप कराई गई। थाना शेरगढ़ क्षेत्र में 13 स्थानों पर हुई जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन मिलने पर तीन लाउडस्पीकर उतरवाए गए। वहीं सबसे अधिक कार्रवाई थाना किला क्षेत्र में हुई, जहां 22 लाउडस्पीकरों की आवाज मानक के अनुरूप कराई गई। इसके अलावा सुभाषनगर में 15, देवरनियां में 13, भोजीपुरा में 7 और शेरगढ़ में 6 लाउडस्पीकरों की ध्वनि निर्धारित सीमा में कराई गई। अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने संबंधित लोगों को ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण नियमों की जानकारी देते हुए भविष्य में निर्धारित मानकों का पालन करने की हिदायत दी। बरेली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण नियमों का पालन करें तथा सामाजिक सौहार्द और शांति बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।