गाजियाबाद। पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविन्द्र गौड़ के निर्देशानुसार 01 जुलाई 2026 को स्वाट टीम, अपराध शाखा व थाना ट्रोनिका सिटी पुलिस टीम की संयुक्त कार्यवाही में गाजियाबाद, दिल्ली एनसीआर, हरियाणा, बिहार, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र व पंजाब से मोबाइल टावरों से रिमोट रेडियो यूनिट (RRU), बेसबैण्ड यूनिट (BBU) आदि इलैक्ट्रॉनिक डिवाइस चोरी करने व उनकी खरीद फरोख्त करने वाले अन्तर्राज्यीय गिरोह का फर्दाफाश करते हुए, थाना ट्रोनिका सिटी क्षेत्रान्तर्गत मोबाईल टावर से रिमोट रेडियो यूनिट चोरी करते समय 03 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की गयी। गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर विभिन्न मोबाइल टावरों से चोरी किये गये रिमोट रेडियो यूनिट, बेस बैण्ड यूनिट आदि इलैक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद हुई, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 01 करोड रूपये है।
यहां पर उल्लेखनीय है कि मोबाइल टावर में बैसबैण्ड यूनिट एक महत्वपूर्ण अवयव है, जोकि टावर पर प्राप्त होने वाले सिग्नल की प्रॉसेंसिंग का कार्य करता है। एक यूनिट का मूल्य 5 से 10 लाख के बीच होता है। सामान्य भाषा में यह मोबाइल टावर का मस्तिष्क है। इसी प्रकार आर०आर०यू० भी मोबाइल टावर का एक महत्वपूर्ण अवयव है, जो एन्टीना और बी0बी0यू0 के बीच लिंक स्थापित करता है। आर०आर०यू० की एक यूनिट का मूल्य 1.5 से 2 लाख के मध्य होता है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में अदनान उर्फ अज्जू निवासी मौहल्ला कोटला कस्बा व थाना मीरापुर जनपद-मुजफ्फरनगर हाल निवासी हैवल्स चौक, खचेडू कालोनी, सैक्टर 31 फरीदाबाद हरियाणा उम्र करीब 23 वर्ष, आमिर निवासी ग्राम कसेरवा थाना शाहपुर जनपद-मुजफ्फरनगर हाल निवासी 60 फुटा रोड ईदगाह के पास पसोण्डा थाना टीलामोड गाजियबाद उम्र करीब 26 वर्ष और सौरभ पुत्र सतीश कुमार निवासी जाटव चौपाल के पास ग्राम टीला शाहबाजपुर थाना लोनी बोर्डर गाजियाबाद उम्र करीब 20 वर्ष है।
उक्त के सम्बन्ध राजकरन नैय्यर, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था / यातायात ने बताया कि अभियुक्त आमिर ने पूछताछ पर बताया कि वह 10वीं पास है। पढाई छोड़कर इसके द्वारा स्क्रैप का काम शुरू कर दिया। वर्ष 2023 में गाँव में जमीनी विवाद को लेकर हत्या के अपराध मे जेल चला गया था। जेल में आमिर की मुलाकात फरीदनगर भोजपुर निवासी अनस से हुई जिसने उसको मोबाइल टावरों से चोरी किये गये आर०आर०यू० व बी०बी०यू० आदि इलैक्ट्रोनिक डिवाइस के काम में होने वाले फायदे के बारे में बताया, तो उसने अनस के साथ मोबाइल टावरों से चोरी उपकरणों का काम शुरू कर दिया, जिसमें वह वर्ष 2025 में गाजियाबाद से जेल चला गया। वर्ष 2026 में जेल से छूटने के बाद उसकी मुलाकात अदनान उर्फ अज्जू निवासी मीरापुर से हुई जिसके बाद आमिर ने अदनान के साथ मिलकर मोबाइल टावरों से उपकरणों की चोरी का काम शुरू कर दिया जिसमें उसको प्रत्येक उपकरण के 70 से 80 हजार रूपये मिलते है।
अभियुक्त अदनान उर्फ अज्जू ने पूछताछ करने पर बताया कि वह 12वीं तक पढ़ा हुआ है तथा मूल रूप से जनपद मुजफ्फरनगर का रहने वाला है। पिता की मृत्यु के बाद वह सैक्टर 31 फरीदाबाद स्थित अपने पिता की स्क्रैप की दुकान पर काम करने लगा। वर्ष 2025 में अदनान की मुलाकात आमिर उपरोक्त से हुई जिसने अदनान को मोबाइल टावरों से चोरी किये गये आर०आर०यू० व बी०बी०यू० आदि इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के काम में होने वाले फायदे के बारे में बताया तो अदनान ने आमिर के साथ मिलकर मोबाइल टावरों से चोरी उपकरणों की खरीद फरोख्त का काम शुरू कर दिया। अदनान के द्वारा इसे आगे सोनू, शहनवाज निवासी मेरठ व जावेद जोकि पूर्व में मोबाइल टावर से चोरी के प्रकरण में इनामी अपराधी रह चुका है, को बेचा जाता था। अदनान के अनुसार इन उपकरणों को आगे थाइलैण्ड व हॉगकॉग भेजा जाता था, जिसकी जाँच की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त सौरभ ने पूछताछ पर बताया कि वह 10वीं पास है तथा गाजियाबाद नगर निगम मे सफाई कर्मचारी का काम करता है। सौरभ ने बताया कि उसको जानकारी हुई कि मोबाइल टावरों के उपकरणों की चोरी कर बेचने से काफी फायदा होता है। इसी बीच सौरभ की मुलाकात पूर्व से मोबाइल टावरों से चोरी उपकरणों की खरीद-फरोख्त करने वाले आमिर उपरोक्त से हुई जिसके साथ मिलकर सौरभ अपने साथियों के साथ मोबाइल टावरों के उपकरणों की चोरी करके आमिर को देना शुरू कर दिया। इस काम मे सौरभ को प्रत्येक उपकरण के 20 से 30 हजार रूपये मिलते है।
पूछताछ करने पर पकडे गये अपराधियों ने यह बताया कि इन लोगो ने पंजाब, राजस्थान, पश्चिमी बंगाल, बिहार, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, गाजियाबाद, दिल्ली एनसीआर मे कई स्थानों पर मोबाइल टावरों से आर०आर०यू० व बी०बी०यू० आदि उपकरण चोरी किये है।
उपरोक्त अभियुक्तों से बरामदगी का विवरण के अनुसार विभिन्न मोबाइल टावरो से चोरी रेडियो रिसीवर यूनिट – 20, विभिन्न मोबाइल टावरों से चोरी बेस बैण्ड यूनिट -07, रेडियो रिसीवर यूनिट चैकिंग मशीन – 01, मोबाइल टावर से इलैक्ट्रोनिक डिवाइस चोरी करने में प्रयुक्त उपकरण- 01 प्लास, 01 वायर कटर, घटना करने में प्रयुक्त बीएमड्बलू कार रंद सफेद रजिस्ट्रेशन नम्बर DL 7CR 9911 है।
आपराधिक इतिहास के अनुसार अभियुक्त आमिर पर मु0अ0स-44/23 धारा-147/148/149/307/302/34/504 भादवि व 3/25/27 आर्म्स एक्ट थाना शाहपुर मुजफ्फरनगर और मु0अ0स0-369/258 धारा-3 (5) / 317(2)/317(4)/ 317 (5) बीएनएस थाना सिहानीगेट में दर्ज है। वहीं अभियुक्त अदनान उर्फ अज्जू व सौरभ के आपराधिक इतिहास के सम्बन्ध मे जानकारी की जा रही है
इन अभियुक्तों गिरफ्तार करने वाली टीम स्वाट टीम, अपराध शाखा पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद और
थाना ट्रोनिका सिटी पुलिस टीम, पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद की रही।
घटना के सफलता पूर्वक खुलासा करने पर राजकरन नैय्यर, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था द्वारा उपरोक्त टीम के उत्साहवर्धन हेतु रूपये 50,000/- के नगद पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र की घोषणा की गयी है।


























































































