झूठी तहरीर देकर निर्दोष को फंसाने की साजिश नाकाम, अलीगंज पुलिस ने छह आरोपियों को दबोचा
बरेली। थाना अलीगंज पुलिस ने अवैध तमंचे से दुर्घटनावश चली गोली की घटना में निर्दोष युवक को झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस और घटना में इस्तेमाल हुआ एक खोखा भी बरामद किया है।पुलिस के अनुसार, मीरगंज थाना क्षेत्र के शेखूपुरा निवासी देवेश गंगवार 29 जून को अपने बीमार ताऊ सुरेश गंगवार का इलाज कराने दिल्ली के गंगाराम अस्पताल गए थे। वहां सुरेश के दामाद आकाश गंगवार अपने साथियों के साथ देवेश को गुरुग्राम के सेक्टर-29 स्थित एक क्लब में ले गया, जहां पुराने रुपये के लेन-देन और क्लब के बिल को लेकर उसके साथ मारपीट की गई तथा 20 हजार रुपये की मांग की गई। इस मामले में देवेश ने 30 जून को गुरुग्राम के डीएलएफ सेक्टर-29 थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।इसके बाद 1 जुलाई को मीरगंज के सिधौली चौराहे पर आकाश, हर्ष, विपिन और अन्य लोगों ने दोबारा देवेश को धमकाते हुए रुपये की मांग की। उसी दिन बाद में भारत के झाले पर विपिन अवैध तमंचा चेक कर रहा था, तभी लापरवाही से गोली चल गई, जो हर्ष के कंधे में जा लगी। घायल हर्ष को तत्काल गंगाशील अस्पताल, सुभाषनगर में भर्ती कराया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना के बाद सभी आरोपियों ने आपसी रंजिश के चलते देवेश को फंसाने की साजिश रची और थाना अलीगंज में उसके खिलाफ झूठा प्रार्थना पत्र दिया। जांच के दौरान घटनास्थल, तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर सच्चाई सामने आने पर देवेश की तहरीर पर थाना अलीगंज में मुकदमा दर्ज किया गया।थाना प्रभारी जगत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुक्रवार तड़के मुखबिर की सूचना पर बिचरा बालकिशनपुर झाले के पास से विपिन, कप्तान, सचिन, धमेन्द्र, भारत और उदयवीर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान विपिन के पास से 315 बोर का अवैध तमंचा व एक जिंदा कारतूस तथा भारत के कब्जे से 12 बोर का अवैध तमंचा व एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। विपिन की निशानदेही पर घटना स्थल से 315 बोर का खोखा भी बरामद किया गया।पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने आपसी रंजिश के कारण देवेश को झूठे मुकदमे में फंसाने की योजना बनाई थी। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया।















































































