बदायूँ। शहर के इंद्राचौक स्थित मेथोडिस्ट चर्च के पास बनी विवादित डीएस कोठी पर बुधवार को जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाकर खाली कराई,अवैध कब्जे हटाये,दुकानें ध्वस्त कराई गई।। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।नगर मजिस्ट्रेट द्वारा जारी नोटिस के अनुसार यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के 19 अप्रैल 2024 के आदेश तथा इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा 17 जून 2026 को पारित आदेश के अनुपालन में की गई। नोटिस में डीएस कोठी में रह रहे संबंधित पक्षों को 30 जून 2026 तक परिसर खाली करने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद बुधवार को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर अवैध कवजे हटाये।नोटिस में उप जिलाधिकारी बदायूँ की जांच आख्या, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण की रिपोर्ट, शासनादेशों तथा उच्च न्यायालय के पूर्व निर्णयों का उल्लेख करते हुए संबंधित संपत्ति पर अवैध कब्जे की स्थिति का हवाला दिया गया था। इसके आधार पर जिला प्रशासन को पर्याप्त पुलिस बल की सहायता से कब्जा हटाने की संस्तुति की गई थी। इसी क्रम में प्रशासन ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए भवन को गिरा दिया।कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए। मौके पर प्रशासनिक अधिकारी लगातार मौजूद रहे और आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल तैनात रहा ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई न्यायालय एवं सक्षम प्राधिकारी के आदेशों के अनुपालन में की गई है।