बदायूं। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने 2, 3 एवं 4 जुलाई को शहर में भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के निजी एवं सार्वजनिक वाहनों से आने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए यह रूट डायवर्जन लागू किया गया है।प्रशासन के अनुसार, 2 एवं 3 जुलाई को परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगी। वहीं, 4 जुलाई को परीक्षा एक ही पाली में सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। जनपद के 15 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा संपन्न होगी।यातायात पुलिस ने बताया कि 2, 3 एवं 4 जुलाई को प्रतिदिन सुबह 6:00 बजे से रात 8:00 बजे तक भारी वाहनों की नो-एंट्री प्रभावी रहेगी। इस दौरान बिल्सी मोड़, पटेल चौक, मझिया मोड़, केशव मंडी चौकी, बदायूं-बरेली बाईपास स्थित बीआरवी तिराहा तथा कुँवरगांव चौराहा पर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।प्रशासन ने वाहन चालकों से निर्धारित रूट डायवर्जन का पालन करने तथा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है, ताकि परीक्षा के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।