बरेली। जनकपुरी स्थित श्री हर मिलाप शिव शक्ति मंदिर में श्री हर मिलाप शिव शक्ति महिला मंडल के तत्वावधान में ठाकुर जी का नौका विहार महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। महोत्सव में ठाकुर जी की नौका को फूल-मालाओं और आकर्षक विद्युत सज्जा से विशेष रूप से सजाया गया। श्रद्धालुओं ने ठाकुर जी को छप्पन भोग अर्पित किया तथा महिला मंडल की सदस्यों ने भक्ति-रस से ओतप्रोत भजनों की प्रस्तुति देकर सभी को भाव-विभोर कर दिया।श्री हर मिलाप शिव शक्ति महिला मंडल की अध्यक्ष मनीषा आहूजा ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन हमें अपनी सनातन संस्कृति से जोड़ते हैं और भगवान के प्रति श्रद्धा व आस्था को और अधिक सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने कहा कि सभी श्रद्धालुओं ने अत्यंत भावपूर्ण तरीके से अपनी भक्ति अर्पित की, जिससे ठाकुर जी निश्चित ही प्रसन्न होकर सभी पर अपनी कृपा एवं आशीर्वाद की वर्षा करेंगे। कार्यक्रम में पूनम अरोड़ा, सिमि आनंद, पूजा नारंग, निशा आहूजा, रेखा सोना, ममता भसीन, अर्चना बब्बर, किरण सेगल, रंजु, ऋतु ग्रोवर, रमा, पायल, भावना सेठी, उषा अरोड़ा सहित बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया।