बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बरेली आगमन से पूर्व किसान एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रवि नागर को उनके आवास पर पुलिस ने नजरबंद कर दिया। संगठन का आरोप है कि सुभाषनगर पुलिस ने सुबह करीब छह बजे से उनके घर पर भारी पुलिस बल तैनात कर उन्हें बाहर निकलने से रोक दिया। नजरबंदी के दौरान किसान एकता संघ की ओर से मुख्यमंत्री को संबोधित तीन सूत्रीय मांगों का ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा गया। मढ़ीनाथ चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार ने सुबह करीब 11:30 बजे डॉ. रवि नागर के आवास पहुंचकर ज्ञापन प्राप्त किया। ज्ञापन में बरेली बायपास सिंचाई परियोजना को शीघ्र शुरू कराने, औद्योगिक विकास के लिए अधिग्रहित की जाने वाली भूमि का किसानों को प्रचलित सर्किल रेट के आधार पर उचित मुआवजा देने तथा बरेली में गरीबों, किसानों और आम जनता के लिए एम्स स्तर का अस्पताल स्थापित करने की मांग की गई है। डॉ. रवि नागर ने कहा कि किसान लंबे समय से इन मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। उन्होंने सरकार से किसानों के हित में शीघ्र निर्णय लेने की अपील की। इस अवसर पर किसान एकता संघ के राष्ट्रीय सचिव यज्ञ प्रकाश गंगवार, युवा प्रदेश अध्यक्ष पंडित राजेश शर्मा, मंडल सचिव भगवान सिंह गुर्जर, मंडल महासचिव अंशु भारती, मंडल उपाध्यक्ष गिरीश गोस्वामी, जिला उपाध्यक्ष संजय पुजारी, सुरेंद्र तिवारी, जिला मीडिया प्रभारी संजय पाठक सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।