बदायूँ। विकास भवन स्थित युवा कल्याण विभाग के कार्यालय में मंगलवार को विभाग के अधिकारी राहुल कुमार चौबे के राजकीय सेवा से सेवानिवृत्त होने पर भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। लंबे और सराहनीय सेवाकाल के समापन पर विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों, समाजसेवियों एवं पीआरडी जवानों ने उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए उनके योगदान की सराहना की। समारोह को संबोधित करते हुए जिला युवा कल्याण अधिकारी हरिप्रेम ने राहुल कुमार चौबे की कार्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं सेवाभाव की प्रशंसा करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वरिष्ठ समाजसेवी अशोक खुराना, पंकज शर्मा एवं नितेश वार्षनेय ने भी अपने संबोधन में कहा कि श्री चौबे का सेवाभाव और कार्यशैली विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत रहे हैं।इस अवसर पर क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी रंजीत सिंह, कांति प्रसाद, नरेंद्र सिंह, हिम्मत सिंह, अनुसागर, विशाल पाल, मनोज कुमार, बुद्धपाल शर्मा, सुधीर कुमार चौबे, अमित चतुर्वेदी, मुकेश चतुर्वेदी, मोहित पांडेय सहित विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने राहुल कुमार चौबे को माला पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी विकास नारायण शर्मा ने किया। विदाई समारोह में विभाग के समस्त पीआरडी जवान भी विशेष रूप से मौजूद रहे और अपने वरिष्ठ अधिकारी को भावभीनी एवं सम्मानजनक विदाई दी। समारोह का समापन सभी उपस्थितजनों द्वारा उनके स्वस्थ, सुखमय एवं सफल जीवन की शुभकामनाओं के साथ हुआ।