बदायूँ। कुंवरगांव स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू जिला पंचायत इंटर कॉलेज में मंगलवार को जिला पंचायत निधि से निर्मित चार नए कक्षों का लोकार्पण जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव ने पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव के साथ संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अपनी मां अथवा ‘भारत माता’ के नाम पर एक-एक पौधा लगाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक छात्र जिस पौधे को लगाए, उस पर अपना नाम भी लिखे। इससे बच्चों का उस पौधे के प्रति भावनात्मक लगाव बना रहेगा और वे जीवनभर उसकी देखभाल करने के लिए प्रेरित होंगे। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार ने अतिथियों का स्वागत किया तथा नए कक्षों के निर्माण के लिए जिला पंचायत का आभार व्यक्त किया। उपस्थित लोगों ने शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य ज्ञानचंद यादव, मनोज, विनीता, दीपिका राघव, अवधेश कुमार गंगवार, अवरन सिंह, चरण सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।