शिखर स्पोर्ट्स फेस्ट-2026 में बैचलर लीजेंड्स ने 139 रन से रचा रिकॉर्ड, क्रिकेट का रोमांचक मुकाबला हुआ
शेखूपुर। शिखर इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी एंड नर्सिंग में आयोजित शिखर स्पोर्ट्स फेस्ट-2026 के चौथे दिन क्रिकेट प्रतियोगिता के दो मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर खेल प्रेमियों का भरपूर मनोरंजन किया। रोमांच, आक्रामक बल्लेबाजी और धारदार गेंदबाजी से भरपूर दोनों मुकाबलों में बैचलर लीजेंड्स और डिप्लोमा चैलेंजर्स ने प्रभावशाली जीत दर्ज कर प्रतियोगिता में अपनी दावेदारी और मजबूत कर दी।दिन का पहला मुकाबला बी.फार्म चतुर्थ वर्ष की बैचलर लीजेंड्स और बी.फार्म तृतीय वर्ष की बैचलर योद्धा टीम के बीच खेला गया। टॉस जीतकर बैचलर योद्धा ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन उनका यह निर्णय पूरी तरह उल्टा साबित हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए बैचलर लीजेंड्स ने निर्धारित 10 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 203 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर विपक्षी टीम के सामने 204 रनों का कठिन लक्ष्य रखा।बैचलर लीजेंड्स की ओर से अवनीश ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए मात्र कुछ ही ओवरों में 105 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली। अपनी इस यादगार पारी में उन्होंने 12 गगनचुंबी छक्के और 5 चौके लगाकर मैदान पर चौकों-छक्कों की बारिश कर दी। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी के सामने विपक्षी गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए।
204 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी बैचलर योद्धा की पूरी टीम महज 64 रनों पर सिमट गई। इस तरह बैचलर लीजेंड्स ने 139 रनों के बड़े अंतर से मुकाबला जीतकर अपनी ताकत का शानदार प्रदर्शन किया। शानदार शतकीय पारी के लिए अवनीश को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
दिन का दूसरा मुकाबला डी.फार्म द्वितीय वर्ष की डिप्लोमा चैलेंजर्स और बी.फार्म प्रथम वर्ष की बैचलर वॉरियर्स टीम के बीच खेला गया। टॉस जीतकर डिप्लोमा चैलेंजर्स ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो पूरी तरह सफल साबित हुआ।
पहले बल्लेबाजी करते हुए बैचलर वॉरियर्स की पूरी टीम मात्र 67 रन पर सिमट गई। डिप्लोमा चैलेंजर्स की ओर से हर्ष और राजन ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4-4 विकेट झटके और विपक्षी बल्लेबाजी क्रम को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
68 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी डिप्लोमा चैलेंजर्स ने संयमित और आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए लक्ष्य आसानी से हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से अमन ने 4 छक्कों और एक चौके की मदद से 30 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि राजन ने गेंदबाजी में 3 ओवर में मात्र 14 रन देकर 4 विकेट हासिल कर जीत में अहम भूमिका निभाई। उनके हरफनमौला प्रदर्शन के लिए राजन को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।शिखर स्पोर्ट्स फेस्ट-2026 के चौथे दिन खेले गए दोनों मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक जज्बे का परिचय दिया। पहले मुकाबले में बैचलर लीजेंड्स की विस्फोटक बल्लेबाजी आकर्षण का केंद्र रही, जबकि दूसरे मुकाबले में डिप्लोमा चैलेंजर्स ने शानदार गेंदबाजी और संतुलित बल्लेबाजी के दम पर लगातार दूसरी जीत दर्ज कर अंक तालिका में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली।संस्थान प्रबंधन ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि आगामी दिनों में क्रिकेट सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के और भी रोमांचक मुकाबले आयोजित किए जाएंगे, जिनका विद्यार्थियों और खेल प्रेमियों को बेसब्री से इंतजार है।















































































