बरेली। थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 63 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 76 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार सोमवार को गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर रहपुरा अंडरपास हाईवे के पास स्थित रबर फैक्ट्री के मैदान से हसीन (28) पुत्र मजीदुल्ला, निवासी मोहल्ला सराय नई बस्ती, वार्ड नंबर-8, थाना फतेहगंज पश्चिमी को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 63 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह मुर्गा सप्लाई का काम करता है। आर्थिक तंगी और कर्ज के कारण वह स्मैक बेचने के लिए लाया था। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह पहले भी कभी-कभी आर्थिक लाभ के लिए इस तरह का काम कर चुका है। पुलिस आरोपी से मिली अन्य जानकारियों के आधार पर आगे की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी के आधार पर थाना फतेहगंज पश्चिमी में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार, उपनिरीक्षक आदेश कुमार, हेड कांस्टेबल विपिन कुमार एवं हेड कांस्टेबल विक्की की टीम ने अंजाम दिया।