बरेली। थाना फतेहगंज पूर्वी पुलिस ने ई-रिक्शा चोरी के मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर आर्थिक तंगी के चलते ई-रिक्शा चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।पुलिस के मुताबिक 11 मार्च को थाना फतेहगंज पूर्वी में ई-रिक्शा चोरी के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान चार आरोपियों की संलिप्तता सामने आई। इससे पहले आरोपी इन्द्रपाल उर्फ इन्द्रप्रकाश को चोरी किए गए ई-रिक्शा सहित गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।रविवार को गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान पुलिस ने वांछित अभियुक्त थानेश पुत्र छोटेलाल, निवासी ग्राम खुर्दी, थाना दातागंज, जनपद बदायूं (उम्र 36 वर्ष) को ग्राम शिवपुरी पेट्रोल पंप से आगे अमृता मार्ग पर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने इन्द्रपाल, सचिन और सोलंकी के साथ मिलकर सैटेलाइट बस स्टैंड, बरेली से किराये पर ई-रिक्शा लिया और चालक को सुनसान स्थान पर ले जाकर वाहन लेकर फरार हो गए। बाद में ई-रिक्शा को छिपाकर बेचने की कोशिश की गई। सह-आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने पर वह गिरफ्तारी से बचने के लिए दिल्ली चला गया था।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में चोरी, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के मामले भी दर्ज हैं। कार्रवाई थाना फतेहगंज पूर्वी के प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह के नेतृत्व में कांस्टेबल शैलेन्द्र प्रताप सिंह एवं कांस्टेबल जनैश्वर सिंह की टीम ने की।