बरेली। शिवसेना पश्चिम उत्तर प्रदेश के प्रदेश सचिव राजीव कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सोमवार को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय में सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। ज्ञापन में अयोध्या स्थित भगवान श्रीराम मंदिर से जुड़े कथित 200 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितता/चोरी के मामले की सीबीआई जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि भगवान श्रीराम मंदिर हिंदू समाज की आस्था का प्रमुख केंद्र है। संगठन का आरोप है कि करोड़ों रुपये की चोरी सामने आने के बावजूद मामले में केवल एफआईआर दर्ज कर औपचारिकता निभाई गई है और अब तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होने से कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। शिवसेना नेताओं ने कहा कि यदि मामूली चोरी के मामलों में भी त्वरित कार्रवाई होती है, तो इतने बड़े मामले में देरी होना कानून व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगाता है। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच सीबीआई से कराई जाए ताकि यदि कोई दोषी हो तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि जांच पूरी होने तक मंदिर ट्रस्ट से जुड़े संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यमुक्त या निलंबित किया जाए, जिससे जांच किसी भी प्रकार से प्रभावित न हो। अंत में शिवसेना पश्चिम उत्तर प्रदेश इकाई ने मुख्यमंत्री से मामले की सीबीआई जांच के आदेश देने तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले सभी आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। ज्ञापन देने बालो में परमजीत , अनीता मिश्रा , आरती तिवारी , मीरा मिश्रा, प्रीति सैनी, सोनू कुमार , संजय चंद्रा, विनोद राजपूत , उपेंद्र राठौर , अंश तिवारी , नवनीत शर्मा , राजीव कुमार पाण्डेय, राधा कृष्ण , राजीव सैनिक , मुकेश चौहान अमर सक्सेना आदि मौजूद थे।