बदायूँ। जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन के लिए परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान ड्रिंक एंड ड्राइव, बिना टैक्स, बिना लाइसेंस, ओवरलोड तथा रिफ्लेक्टर टेप न लगे वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।चेकिंग के दौरान नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए 4 वाहन चालकों के चालान किए गए। वहीं बिना टैक्स संचालित 4 वाहनों को सीज कर उप संभागीय परिवहन कार्यालय भेजा गया। सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 44 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाए गए, जबकि 10 वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप न होने पर चालान एवं बंद की कार्रवाई की गई। अभियान का नेतृत्व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) हरिओम, क्षेत्राधिकारी (यातायात) सुनील अहलावत तथा यातायात निरीक्षक अजय पाल सिंह ने किया। इस दौरान यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। परिवहन विभाग ने वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे अपने वाहनों की फिटनेस, बीमा एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज समय पर अद्यतन रखें, वाहन को सुरक्षित एवं तकनीकी रूप से सही स्थिति में संचालित करें तथा यातायात नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में सहयोग दें।