बरेली। जनसुरक्षा और अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन, बरेली विकास प्राधिकरण और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने लगातार तीसरे दिन भी विशेष अभियान चलाया। इस दौरान 9 कोचिंग संस्थानों, लाइब्रेरी और जिम का निरीक्षण किया गयजांच में सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन मिलने पर छह संस्थानों को सील कर दिया गया। इनमें सोमिक लाइव साइंसिस प्रा.लि., वैदास क्लासिस, एक्सप्लोर लाइब्रेरी, अनन्त ज्ञान लाइब्रेरी, राजश्री लाइब्रेरी और माया एकेडमी ऑफ एडवांस सिनेमेटिक शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार ये संस्थान अग्नि सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत असुरक्षित पाए गए। इसके अलावा स्टडीज वेब क्लासिस एंड लाइब्रेरी, एक्सप्लोर स्टडीज और ऑनिक्स फिटनेस जिम को भवन का स्वीकृत मानचित्र तथा अग्निशमन विभाग की अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी किया गया। अभियान में मुख्य अग्निशमन अधिकारी, बीडीए के विशेष कार्याधिकारी, सहायक अभियंता एवं अवर अभियंता मौजूद रहे। बीडीए की उपाध्यक्ष ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए ऐसे संयुक्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों और प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।