बरेली। ऑटो रिक्शा टेंपो चालक वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों और चालकों ने शनिवार को फिटनेस शुल्क और परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली के विरोध में प्रदर्शन किया। संगठन के प्रतिनिधि अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंपने पहुंचे, लेकिन संगठन का आरोप है कि मंडलायुक्त ने ज्ञापन लेने से इनकार कर दिया। इससे नाराज ऑटो चालकों ने मौके पर ही ज्ञापन की प्रतियां जलाकर विरोध दर्ज कराया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों में कृष्णपाल का कहना था कि फिटनेस सेंटरों पर वाहन चालकों से बार-बार मनमाने तरीके से शुल्क वसूला जा रहा है, जिससे उनका आर्थिक शोषण हो रहा है।एसोसिएशन ने मांग की कि फिटनेस शुल्क केवल एक बार लिया जाए, फिटनेस जांच निर्धारित मानकों के अनुसार की जाए तथा यदि वाहन में कोई कमी हो तो उसकी लिखित जानकारी वाहन स्वामी को दी जाए। इसके साथ ही निजी फिटनेस सेंटरों की मनमानी पर रोक लगाने और परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की भी मांग की गई। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सुनवाई नहीं हुई तो ऑटो चालक अपना आंदोलन और तेज करेंगे।