बदायूं। शहर स्थित श्री सीताराम मंदिर में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक उत्सव रविवार को धार्मिक अनुष्ठानों, भजन संध्या एवं विशाल भंडारे के साथ विधिवत संपन्न हो गया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।उत्सव के अंतिम दिन प्रातःकालीन सत्र में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। वेद मंत्रों की पावन ध्वनि के बीच सैकड़ों श्रद्धालुओं ने श्रद्धा एवं आस्था के साथ अपने हाथों से यज्ञ में आहुतियां अर्पित कीं और परिवार की सुख-समृद्धि एवं विश्व कल्याण की कामना की। हवन की पूर्णाहुति के उपरांत ब्रह्मभोज एवं कन्या भोज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की।सायंकाल आयोजित भव्य भजन संध्या में भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक भक्तिमय प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। प्रभु श्रीराम एवं सीताराम के भजनों पर श्रद्धालु देर तक झूमते रहे और पूरा मंदिर परिसर जयघोष एवं भक्ति रस से गूंजता रहा।भजन संध्या के समापन के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें देर रात तक सैकड़ों श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक उत्साह एवं भक्तिमय माहौल देखने को मिला।इस अवसर पर मंदिर पीठाधीश कृष्ण बल्लभ महेरे, कथा व्यास मुमुक्षु कृष्ण जी महाराज, पंडित राजेश शर्मा, पुरोहित प्रदीप महेरे, बालमुकुंद महेरे सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।