उझानी। बरेली-मथुरा हाईवे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में घुइयां बेचकर अपने गांव लौट रहे किसानों से भरी मैजिक को मक्का से लदे अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राला ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मैजिक के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार 11 किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उझानी भेजा गया, जहां से तीन घायलों की हालत नाजुक होने पर उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।जानकारी के अनुसार जनपद कासगंज के थाना ढोलना क्षेत्र के ग्राम कोटरा निवासी टीकाराम, मदनलाल , यादराम , देव सिंह , ताराचंद , तालेवर , सुनील कुमार, धर्मेंद्र , शिवम तथा विष्णु सहित अन्य किसान चालक राजेश की मैजिक से बरेली में घुइयां बेचकर वापस अपने गांव लौट रहे थे।बताया जाता है कि जैसे ही उनकी मैजिक थाना उझानी क्षेत्र के बरेली-मथुरा हाईवे स्थित छतुईया गांव के पास पहुंची, तभी कासगंज की ओर से आ रहे मक्का से लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राला ने अनियंत्रित होकर मैजिक में जोरदार टक्कर मार दी। भीषण टक्कर से मैजिक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। सभी घायलों को तत्काल उझानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सामान्य कराया।