पटपरागंज में कूड़ा डंपिंग को लेकर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, पुलिस के साथ पहुंचे नगर पालिका के वाहनों को बैरंग लौटाया,प्रदर्शन
उझानी। नगर पालिका परिषद उझानी द्वारा पटपरागंज स्थित डंपिंग ग्राउंड में कूड़ा डाले जाने के प्रयास का शुक्रवार को ग्रामीणों ने कड़ा विरोध किया। ग्राम प्रधान पति मनोज कुमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण एकजुट होकर डंपिंग ग्राउंड के बाहर पहुंच गए और पुलिस बल के साथ आए नगर पालिका के कूड़ा वाहनों को आगे बढ़ने से रोक दिया। ग्रामीणों के विरोध के चलते नगर पालिका के सभी वाहनों को बिना कूड़ा डाले वापस उझानी लौटना पड़ा।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार, 27 जून 2026 को नगर पालिका परिषद उझानी के कूड़ा वाहन पुलिस सुरक्षा के साथ पटपरागंज डंपिंग ग्राउंड पर कूड़ा डालने पहुंचे थे। इसकी भनक पहले ही ग्रामीणों को लग गई थी। जैसे ही वाहन गांव की सीमा में पहुंचे, ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और डंपिंग ग्राउंड से पहले ही वाहनों को रोक लिया।
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया और कूड़ा डालने देने का अनुरोध भी किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अडिग रहे। विरोध बढ़ता देख नगर पालिका के वाहनों को बिना कूड़ा डाले वापस लौटना पड़ा।
प्रधान पति मनोज कुमार ने बताया कि दो दिन पूर्व उन्होंने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक एवं नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी से मिलकर स्पष्ट रूप से डंपिंग ग्राउंड का विरोध दर्ज कराया था, लेकिन उनकी आपत्तियों पर कोई निर्णय नहीं लिया गया। उन्होंने कहा कि गांव के लोगों के स्वास्थ्य और पर्यावरण के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि आगामी सोमवार को गांव के ग्रामीणों के साथ जिलाधिकारी से मुलाकात कर डंपिंग ग्राउंड के विरोध में ज्ञापन सौंपा जाएगा और स्थायी समाधान की मांग की जाएगी।
विरोध प्रदर्शन के दौरान नरेंद्र यादव, ओमेंद्र यादव, अवनीश, राजीव, जयपाल, प्रदीप, नेमसिंह, मास्टर, होशियार सिंह, नीलेश, श्रीकृष्ण, राजेश, सचिन, विश्राम सिंह, सुभाष सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
— उझानी से पत्रकार अभिनव सक्सेना की रिपोर्ट















































































