बदायूँ। क्षेत्राधिकारी नगर (सीओ सिटी) रजनीश उपाध्याय के जनपद कासगंज स्थानांतरण पर शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा नवीन तैनाती के लिए शुभकामनाएँ दीं। समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया, जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने श्री उपाध्याय के कार्यकाल के दौरान किए गए उत्कृष्ट कार्यों, कर्तव्यनिष्ठा, नेतृत्व क्षमता और प्रशासनिक दक्षता की सराहना करते हुए उनके योगदान को याद किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने कहा कि रजनीश उपाध्याय ने अपने कार्यकाल में पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ दायित्वों का निर्वहन किया। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं कासगंज में सफल कार्यकाल की कामना की। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी उनके साथ कार्य करने के अनुभव साझा किए और उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएँ दीं।