उझानी। सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात विभाग लगातार सक्रिय बना हुआ है। यातायात उपनिरीक्षक मुरारीलाल साहू ने मंडी समिति पर विशेष अभियान चलाकर ओवरलोड वाहनों एवं नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। इससे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। यातायात पुलिस ने अभियान के दौरान ओवरलोडिंग, बिना सीट बेल्ट, बिना हेलमेट और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 06 वाहनों का चालान किया गया। साथ ही सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों को अभियान चलाकर हटाया गया और उनके खिलाफ भी चालान की कार्रवाई की गई साथ ही15 ट्रैक्टर ट्राली अन्य वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाने भी की कार्रवाई की गई । इस दौरान कई वाहन चालकों को हिदायत देते हुए नियमों का पालन करने की चेतावनी भी दी गई। यातायात उपनिरीक्षक मुरारीलाल साहू ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि सीट बेल्ट और हेलमेट आपकी सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी हैं। अक्सर लोग लापरवाही बरतते हैं, जिसकी वजह से सड़क हादसों में जान-माल का नुकसान होता है। अगर सभी लोग नियमों का पालन करें तो अधिकांश दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें। ओवरलोडिंग न करें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें और निर्धारित गति सीमा का पालन करें। चेकिंग के दौरान मंडी समिति पर हड़कंप की स्थिति बनी रही। अभियान में यातायात विभाग के प्रभारी यातायात उपनिरीक्षक मुरारीलाल साहू ,हेड कांस्टेबल विजयपाल सिंह, कांस्टेबल कोशिंदर कुमार, पीआरडी ओम सिंह मनवीर सिंह आदि मौजूद रहे।