बरेली। भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) ने फर्रुखाबाद जिले की कायमगंज तहसील के उपजिलाधिकारी द्वारा संगठन के जिलाध्यक्ष को कथित रूप से अकारण हिरासत में लिए जाने के विरोध में सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। मंडल अध्यक्ष रणवीर सिंह फौजी ने बताया कि 15 जून को प्रदेशभर में संगठन के जिलाध्यक्षों ने विभिन्न किसान समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी एवं उपजिलाधिकारियों को ज्ञापन दिए थे। इसी क्रम में फर्रुखाबाद के जिलाध्यक्ष ने भी कायमगंज तहसील में ज्ञापन सौंपा था। आरोप है कि ज्ञापन देने के बाद उपजिलाधिकारी के स्टेनो ने जिलाध्यक्ष को फोन कर दोबारा तहसील बुलाया, जहां उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और पुलिस हिरासत में लेकर अपमानित किया गया। संगठन ने इस कार्रवाई को अन्यायपूर्ण बताते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं न्यायिक जांच कराने तथा जिलाध्यक्ष पर लगाए गए आरोप बिना शर्त वापस लेने की मांग की है। इसके अलावा भाकियू (लोकशक्ति) ने लाल फाटक ओवरब्रिज से उतरते ही सड़क किनारे स्थित एक खतरनाक पेड़ को हटाने की मांग को लेकर भी ज्ञापन दिया। संगठन का कहना है कि इस पेड़ के कारण कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं और भविष्य में बड़ी जनहानि की आशंका बनी हुई है। संगठन ने बताया कि इस संबंध में 6 मई और 15 जून को भी ज्ञापन दिए जा चुके हैं तथा वन विभाग को भी अवगत कराया गया है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। यूनियन ने तत्काल निरीक्षण कर पेड़ हटाने तथा की गई कार्रवाई से संगठन को अवगत कराने की मांग की है। ज्ञापन के दौरान मंडल अध्यक्ष रणवीर सिंह फौजी जिला अध्यक्ष नंदकिशोर, महिला जिला अध्यक्ष ममता देवी महिला मंडल अध्यक्ष रानी देवी जिला उपाध्यक्ष हरिशंकर जिला उपाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद युवाजिला उपाध्यक्ष राजेंद्र गंगवार अन्य किसान भाई एवं सदस्य और पदाधिकारी मौजूद रहे।