बदायूं। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से 17 सितंबर से शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान शनिवार, 17 अक्टूबर को समापन समारोह के साथ संपन्न हो गया। एक माह तक चले अभियान के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र लाभार्थियों का चिन्हांकन कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए पंजीकृत किया गया। अभियान को सफल बनाने में प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों ने सक्रिय सहभागिता की।
शनिवार को डायट स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित समापन समारोह का शुभारंभ सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता और भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं माल्यार्पण करके किया। इस दौरान स्कूली छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि सरकारी योजनाओं का वा

स्तविक उद्देश्य जरूरतमंद और पात्र लोगों को लाभ पहुंचाना है। इसके लिए लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्रता के अनुरूप लाभ दिलाना आवश्यक है।
सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता बढ़ाने और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम स्थल पर सूचना विभाग की ओर से प्रधानमंत्री आवास योजना, मिशन शक्ति, प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना, जननी सुरक्षा योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, स्वच्छ भारत अभियान और विभिन्न पेंशन योजनाओं सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। स्टैंडी के माध्यम से लोगों को योजनाओं की पात्रता और उनके लाभों की जानकारी दी गई। उपस्थित लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में सूचना विभाग में पंजीकृत सागर मैजिक ग्रुप के जादूगर जुगल किशोर ने जादू की विभिन्न कलाओं के माध्यम से सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया। वहीं सरगम पार्टी के आमिर सुल्तानी के दल ने कव्वाली के जरिए जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। ग्राम प्रधानों और अन्य उपस्थित लोगों ने दोनों प्रस्तुतियों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान विधायक महेश चंद्र गुप्ता और भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। अंत में राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए सत्येंद्र सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी यावर अब्बास, बेसिक शिक्षा विभाग के कामेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन समाज कल्याण विभाग के महाराज सिंह ने किया।


























































































