बरेली। जनसुरक्षा और अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए बरेली विकास प्राधिकरण, पुलिस प्रशासन और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने लगातार तीसरे दिन विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान 10 कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी की जांच की गई, जिसमें सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी पाए जाने पर सात संस्थानों को सील कर दिया गया। जांच के बाद अध्ययन लाइब्रेरी शिव गार्डन कॉलोनी , ज्ञान लाइब्रेरी शिव गार्डन कॉलोनी, श्रीनाथ लाइब्रेरी डोहरा , द-गुरु लाइब्रेरी गैलेक्सी टावर, एकता नगर , आइडियल कोचिंग एंड लाइब्रेरी स्टेडियम रोड , विनटैक लाइब्रेरी तथा तक्षशिला डिजिटल लाइब्रेरी रामपुर गार्डन को अत्यंत असुरक्षित पाए जाने पर सील किया गया। वहीं मीरा लाइब्रेरी शिव गार्डन कॉलोनी , एम क्यूब क्लासेस और एकेडमी ऑफ सिविल सर्विसेज डीडीपुरम को मानचित्र और अग्निशमन विभाग की अनापत्ति प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी किया गया। अभियान में नगर मजिस्ट्रेट, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी, बरेली विकास प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी, सहायक अभियंता और अवर अभियंता मौजूद रहे। बरेली विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए ऐसे संयुक्त अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।