गाजियाबाद। जिला संयुक्त चिकित्सालय, संजय नगर, गाज़ियाबाद में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी, गाज़ियाबाद महानगर के अध्यक्ष मयंक गोयल उपस्थित रहे। इस अवसर पर 18 नवजात बालिकाओं एवं उनके परिजनों के साथ केक काटकर कन्या जन्मोत्सव मनाया गया तथा बालिकाओं के जन्म पर परिवारों को शुभकामनाएं दी गईं।कार्यक्रम के दौरान सभी 18 नवजात बालिकाओं को बेबी किट एवं मिठाई वितरित की गई। साथ ही बालिकाओं के अभिभावकों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा योजना का लाभ प्राप्त करने हेतु ऑनलाइन आवेदन करने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अतिरिक्त अभिभावकों को प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के उद्देश्यों, पात्रता एवं लाभों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई, जिससे अधिक से अधिक पात्र परिवार सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, गाज़ियाबाद, जिला प्रोबेशन अधिकारी, गाज़ियाबाद, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर, हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने तथा उनके स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।