बदायूं। इस्लामनगर थाना क्षेत्र के बिसौली-इस्लामनगर मार्ग पर हेमपुर गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति घायल हो गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, लाभारी की मढ़ैया निवासी गेंदन लाल मौर्य अपनी पत्नी जावित्री के साथ मितरौली गांव में अपने भांजे की शादी में भात की रस्म निभाने गए थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद दोनों मोपेड से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान हेमपुर गांव के पास एक तेज रफ्तार कार ने उनकी मोपेड में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने जावित्री को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल गेंदन लाल का उपचार जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतका के परिजनों में चीख-पुकार मच गई और घर में मातम छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।