बदायूं। शाहजहांपुर जिले के कलान थाना क्षेत्र के जाखिया गांव निवासी धर्मेंद्र (40) की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार धर्मेंद्र किसी जरूरी काम से कलान गए थे। वापस लौटते समय चांदपुर गांव के पास उनकी बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल कलान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल बदायूं रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान धर्मेंद्र ने दम तोड़ दिया।अस्पताल प्रशासन की सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा संबंधित थाना पुलिस को भी अवगत कराया। मृतक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश के साथ-साथ दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।