सोरों (कासगंज)। सोऽहम आश्रम, सूकर क्षेत्र सोरों के संस्थापक एवं परमपूज्य सद्गुरुदेव श्री स्वामी अमृतानन्द जी महाराज के ब्रह्मलीन होने पर आगामी 2 जुलाई को आश्रम परिसर में श्रद्धांजलि समारोह, षोडशी संस्कार एवं विशाल भण्डारे का आयोजन किया जाएगा। आश्रम प्रबंधन द्वारा जारी शोक संदेश में बताया गया कि स्वामी अमृतानन्द जी महाराज 17 जून 2026, मंगलवार को ब्रह्मलीन हो गए थे। दिवंगत संत की आत्मा की शांति के लिए आयोजित कार्यक्रम में संत-महात्मा एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होकर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रातः 7 बजे हवन, प्रातः 9 बजे से 11 बजे तक संतों एवं भक्तों द्वारा श्रद्धांजलि सभा तथा दोपहर 11:15 बजे से विशाल भण्डारे का आयोजन किया जाएगा।कार्यक्रम में परमपूज्य सद्गुरुदेव महामण्डलेश्वर श्री स्वामी विवेकानन्द जी महाराज एवं सोऽहम पीठाधीश्वर श्री स्वामी सत्यानन्द जी महाराज का पावन सानिध्य प्राप्त होगा। आयोजन की अध्यक्षता अखिल भारतीय सोऽहम महामण्डल, श्रीधाम वृन्दावन से जुड़े संतों के मार्गदर्शन में की जाएगी।आश्रम के अध्यक्ष परमपूज्य श्री स्वामी गोविन्दानन्द जी महाराज ने क्षेत्र के सभी संतों, भक्तों एवं श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण करने तथा दिवंगत संत को श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की है।यह कार्यक्रम श्री स्वामी अमृतानन्द सोऽहम आश्रम, कछला रोड, सूकर क्षेत्र सोरों (कासगंज) में आयोजित होगा।