बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर कैंट विधायक संजीव अग्रवाल बुधवार को केयर अस्पताल पहुंचे और वरिष्ठ पत्रकार एवं पीटीआई संवाददाता आर.के. सिंह के स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों से उपचार के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व आर.के. सिंह की हार्ट पल्स रेट कम हो जाने पर चिकित्सक डॉ. पंकज की सलाह के बाद उन्हें बरेली के केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है। केयर अस्पताल के डॉ. नितिन अग्रवाल ने कैंट विधायक संजीव अग्रवाल को बताया कि आर.के. सिंह की स्वास्थ्य स्थिति फिलहाल स्थिर है। उन्होंने बताया कि उन्हें पेसमेकर लगाने की आवश्यकता है और इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर ली जाएगी। विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार आर.के. सिंह के स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उपचार के लिए आवश्यक सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। अस्पताल में विधायक संजीव अग्रवाल ने आर.के. सिंह की पत्नी रेनू सिंह से भी मुलाकात की और परिवार का हौसला बढ़ाते हुए आर.के. सिंह के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।