बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय तथा मुरादाबाद मंडल के महाविद्यालयों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर आठ सदस्यीय शिष्टमंडल ने सपा समर्थित बरेली-मुरादाबाद मंडल शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी दानिश अख्तर के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश राजभवन पहुंचकर महामहिम राज्यपाल से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालयों द्वारा महाविद्यालय संचालकों के कथित उत्पीड़न और शैक्षणिक अनियमितताओं के संबंध में ज्ञापन सौंपा। शिष्टमंडल ने विशेष रूप से गुरु जंबेश्वर विश्वविद्यालय के परीक्षा परिणामों का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय के लगभग सवा लाख विद्यार्थियों में से 98 प्रतिशत को अनुत्तीर्ण घोषित कर दिया गया है। प्रतिनिधिमंडल ने इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कराए जाने की मांग की। राज्यपाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश देने का आश्वासन दिया। इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा व्यवस्था और महाविद्यालयों से संबंधित 16 अन्य बिंदुओं पर भी अपनी समस्याएं और सुझाव राज्यपाल के समक्ष रखे। राज्यपाल ने इन मुद्दों पर भी आवश्यक कार्रवाई कराने का भरोसा दिलाया। शिष्टमंडल में दानिश अख्तर, पूर्व एमएलसी जयेश प्रसाद (शाहजहांपुर), संजीव कुमार सक्सेना, सैय्यद हैदर अली, अशोक यादव, मोहम्मद साइम राजा, प्रशांत कुमार तथा अशोक चौधरी शामिल रहे।