उझान।कोतवाली क्षेत्र के गांव अब्दुल्ला गंज स्थित प्राचीन खेरे वाले शिव मंदिर को बीती रात अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। चोर मंदिर के दानपात्र से करीब पांच हजार रुपये नकद और साउंड सिस्टम का एंप्लीफायर, मिक्सर सिस्टम सहित कीमती सामान ले गए।इतना ही नहीं, चोरों ने मंदिर परिसर में बने पुजारी के कमरे का ताला तोड़कर लगभग पांच किलो सूखा मेवा – काजू, बादाम, अखरोट, किशमिश व मखाने – के साथ करीब बीस हजार रुपये की नकदी भी पार कर दी। चोर यही नहीं रूके भजन-कीर्तन करने को रखे चिमटा, खंजरी घुंघरू तक ले गये।ग्रामीणों ने बताया कि सुबह पूजा के लिए पहुंचने पर चोरी का पता चला। मंदिर की देखरेख करने वाले बुद्धपाल ने फिलहाल पुलिस को लिखित तहरीर नहीं सौंपी है। घटना की जानकारी लेने के लिए उनसे मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।स्थानीय लोगों में मंदिर में हुई चोरी से रोष है। ग्रामीणों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और जल्द खुलासे की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की जाएगी।