बरेली। लखनऊ अग्निकांड के बाद शहर में कोचिंग सेंटरों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच लगातार जारी है। इसी क्रम में बरेली विकास प्राधिकरण ने दूसरे दिन भी अवैध और मानकों के विपरीत संचालित कोचिंग सेंटरों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान राजेंद्र नगर स्थित ओमेगा क्लासेस में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर उसे सील कर दिया गया। जांच में सामने आया कि संस्थान ने बीडीए और फायर विभाग से आवश्यक एनओसी प्राप्त नहीं की थी। इसके अलावा एक कमरे में करीब 150 छात्रों को बैठाकर कक्षाएं संचालित की जा रही थीं, जो सुरक्षा मानकों का खुला उल्लंघन है। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संस्थान को सील कर दिया।निरीक्षण के दौरान कई आवासीय भवनों में कोचिंग सेंटर संचालित पाए गए। कई स्थानों पर छात्रों के आने-जाने के लिए बनी सीढ़ियों की चौड़ाई एक मीटर से भी कम मिली, जिससे किसी आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी संभव नहीं है। अधिकारियों ने इसे छात्रों की सुरक्षा के साथ गंभीर खिलवाड़ बताया।बीडीए अधिकारियों का कहना है कि व्यावसायिक गतिविधियों के लिए निर्धारित नियमों की अनदेखी कर सैकड़ों छात्रों की जान जोखिम में डाली जा रही है। प्राधिकरण अब ऐसे भवन स्वामियों को चिन्हित कर कारण बताओ नोटिस जारी करने की तैयारी कर रहा है। बीडीए ने स्पष्ट किया है कि आवासीय भवनों का अवैध व्यावसायिक उपयोग और सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले कोचिंग सेंटरों के खिलाफ आगे भी सीलिंग और कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान एसपी सिटी मानुष पारिख , एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी, बीडीए से सीताराम , अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा साथ पुलिस फोर्स था।