उझानी। श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में मंगलवार रात ज्येष्ठ मास का अंतिम बड़ा मंगल पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर मंदिर को सतरंगी फूलों से भव्य रूप से सजाया गया। सुबह से देर शाम तक दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।मंदिर के पुजारी पंडित प्रीतम लाल शर्मा ने सुबह 7:30 बजे भगवान हनुमान का चमेली के तेल और सिंदूर से लेपन कर चांदी के वर्क से चोला चढ़ाया। इसके बाद नवीन वस्त्रों और आभूषणों से बजरंगबली का मनमोहक श्रृंगार किया गया। आरती कर लड्डुओं का भोग लगाया गया।पंडित प्रीतम लाल शर्मा ने बताया कि हनुमान जी कलयुग के जागृत देव हैं। उनकी कृपा से भक्तों के सभी संकट दूर होते हैं। हनुमान जी की कृपा पाने के लिए भगवान श्रीराम का नाम जपना चाहिए।शाम को मंदिर में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और महाआरती हुई। ‘जय श्रीराम’ और ‘जय हनुमान’ के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया। महाआरती के बाद प्रसाद का वितरण किया गया।इस अवसर अनुराग धींगडा, जयपाल थरेजा ,सागर छाबड़ा, मधुर सपरा,मिंटू सपरा,अरूण चांदना, बंटी अदलक्खा, तुषार थरेजा,माधव चांदना, रितिक आदि बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।