उझानी।गंगा दशहरा के पावन अवसर पर बुधवार को उझानी क्षेत्र के प्रसिद्ध कछला गंगा घाट पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह 4 बजे से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना और दान-पुण्य किया।घाट पर सुबह से ही धार्मिक माहौल बना रहा। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने गंगा मैया की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। घाट के किनारे पूजा सामग्री, प्रसाद और खिलौनों की दुकानें सजी रहीं, जिससे पूरा क्षेत्र मेले जैसा लग रहा था।श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट रहा। कछला घाट पर पुलिस बल के साथ पीएसी फ्लड कंपनी के गोताखोर तैनात रहे। नावों से लगातार गश्त की गई। डीएम अवनीश राय व एसएसपी अंकिता शर्मा के साथ एसडीएम उझानी और सीओ ने खुद घाट का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग और अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया।बरेली से आए रामकुमार ने बताया, “नौतपा की गर्मी में गंगा स्नान से मन को शांति मिली।” उझानी की सुनीता देवी ने कहा, “हर साल परिवार के साथ आते हैं। गंगा मैया सबकी मनोकामना पूरी करती हैं।”पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। देर शाम तक श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी रहा।